सोलन : पाइनग्रोव स्कूल में देवदार सदन ने जीती अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में चिनार, देवदार, टीक और ओक सदन के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में देवदार सदन ने अपने लीग मैचों में टीक सदन, चिनार सदन और अंत में ओक सदन को पटखनी देकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच में कनिष्ठ वर्ग के टीक सदन और चिनार सदन के मध्य खेला गया मैच रोमांचक रहा। आधे समय तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा लगी रही। मैच के दूसरे हाफ में चिनार सदन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीक सदन को मात दी।
वहीँ वरिष्ठ वर्ग में चिनार सदन ने अपने लीग मैच में ओक सदन, टीक सदन और अंत में देवदार सदन को हराकर प्रतियोगिता में अपने वर्ग में प्रथम स्थान पर रहा लेकिन अंक तालिका के आधार पर देवदार सदन को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ-साथ चारों सदनों की लड़कियों ने भी शानदार खेल दिखाकर अपने सदन की अंक तालिका में वृद्धि करवाई। लड़कियों के अंतिम लीग में ओक सदन की लड़कियों ने देवदार सदन की लड़कियों को हराकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया।
प्रतियोगिता में चारों सदनों की सराहना की गई क्योंकि सभी सदनों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अंक तालिका के आधार पर अंत में देवदार सदन ने अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता अपने नाम की। अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अभिनिर्णायक जय सिंह रहे और स्कोरिंग की ज़िम्मेदारी विनीत ठाकुर को सौ़पी गई। अंत में विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर हेड ऑफ़ स्कूल कैप्टेन रेणु शर्मा, के द्वारा पुरुस्कृत किया गया और उन्होंने सभी खिलाड़ियों से फाइनल तक पहुंचने के सफ़र पर बातचीत करके सभी से व्यक्तिगत रूप में मिलकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर हेड ऑफ़ स्कूल कैप्टेन रेणु शर्मा, हेड टीचर पंकज शर्मा और गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह उपस्थित रहे।
