कांगड़ा : उपायुक्त कांगड़ा ने इच्छी स्कूल में किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
मनाेज कुमार। कांगड़ा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर आज उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने त्रिगर्त वैली पब्लिक स्कूल इच्छी पहुंच कर एक से 19 वर्ष के सभी बच्चों को कृमि की दवाई पिलाने की मुहिम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र इच्छी और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल इच्छी पहुंच कर कृमि मुक्ति दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया। यहां उन्होंने बीएमओ तियारा मंडल की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चों को दवाई पिलाकर यहां से जिला स्तर पर राष्ट्रीय कृमि दिवस के इस कार्यक्रम की शुरुआत की। यहां पहुंचने पर सीएमओ कांगड़ा, बीएमओ तियारा व स्कूल प्रिंसिपल द्वारा उपायुक्त कांगड़ा का स्वागत किया गया। उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि बच्चों को कृमि के कारण कई प्रकार की बीमारियों का सामना करना पड़ता है।
यह बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है। बच्चों के कृमि की चपेट में आने का सबसे प्रमुख कारण उनमें कृमि बारे जानकारी का अभाव होना है। यहां तक कि बच्चों के अभिभावकों को भी इसके बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा यह हम सब की जिम्मेदारी बनती है कि बच्चों तथा अभिभावकों तक कृमि की जानकारी पहुंचाई जाए। बच्चाें काे बताया जाए कृमि क्या है, यह कैसे बच्चों के स्वास्थ्य को खराब करता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। आज के इस विशेष मौके पर उपायुक्त कांगड़ा ने बच्चों के साथ सीधे संवाद किया तथा उन्होंने बच्चों से कृमि के बारे में जानकारी सांझा की। उन्होंने बच्चों से भी पूछा की कृमि क्या है। आपको दवाई क्यों दी जा रही है। इस दवाई से आपको क्या फायदा होगा। उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए सफाई और पौष्टिक आहार के बारे में विशेष बातें की।
उन्होंने बच्चों से बीमारियों को दूर भगाने के लिए सफाई और पौष्टिक आहार कितना जरूरी है। इस विषय पर जानकारी साझा की। उन्होंने बच्चों को बताया हाथ कैसे धोने चाहिए। शरीर तथा अपने आसपास के वातावरण को हमेशा साफ रखना चाहिए। आज के इस मौके पर उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध करवाने तथा बच्चों के टॉयलेट की सफाई उचित ढंग से करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर आज एक से 19 वर्ष के सभी बच्चों को की दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के अंतर्गत बीएमओ तियारा मंडल द्वारा आज के इस दिन 38547 बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें इस कार्य के लिए सभी सरकारी स्कूलों, प्राइवेट स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तक पहुंचेगी। यदि कोई बच्चा किसी कारणवश आज दवाई नहीं पी पाता है, तो उसके लिए 30 मई को भी यह अभियान चलाया जाएगा। आज के इस मौके पर राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल सहित सीएमओ कांगड़ा गुरदर्शन गुप्ता, बीएमओ तियारा संजय भारद्वाज, प्रिंसिपल पूनम कुमारी, प्रिंसिपल राजेंद्र मोहन गगना, स्वास्थ्य कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बच्चे मौजूद रहे।