रिवालसर : मंत्री के आदेशों के बावजूद नही दौड़ी बसे
अजय सूर्या । रिवालसर
परिवहन मंत्री की घोषणा के बावजूद भी त्रिफालघाट मंडी वाया डहणू ,टांडा सोयरा बस सेवा नहीं चल पाई। परिवहन विभाग द्वारा 13 वर्ष पहले परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ने इस बस को हरी झंडी दी थी। लगातार 13 साल से यह बस उपरोक्त्त रूट पर दौड़ती रहीं, मगर पिछले पांच महीने से परिवहन विभाग डिपो सरकाघाट ने इस बस सेवा को बंद करके क्षेत्र की पांच पंचायतों की जनता से धोखा किया है। इतना ही नहीं सरकाघाट डिपो के तालिबानी फरमानों से उपरोक्त रुट पर चलने वाली मंडी सरकाघाट बस सेवा को भी बंद कर दिया है। इस क्षेत्र की रत्ती, सोयरा, बाल्ट, डहणू व सिधयानी पंचायतों की जनता उपरोक्त बसों के बंद होने से परेशान हैं।
बसों को इस रूट में चलाए जाने के लिए बल्ह के विधायक इंद्र गांधी, मंडलीय प्रबंधक मंडी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मंडी, अध्यक्ष जिला परिषद मंडी पाल वर्मा से भी क्षेत्र की जनता बार-बार बसों की समस्या व उसके समाधान को लेकर मिल चुके हैं, मगर कोई समाधान नहीं हो पाया। गत 16 अप्रैल, 2022 को रिवालसर में परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर से उपरोक्त बसों को दोबारा चलाने को लेकर मिले थे। परिवहन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को तुरंत इन बसों को चलाने के आदेश जारी किए थे, मगर विभागीय अधिकारियों ने मंत्री के आदेशों पर अमल करने के बजाए ठंडे बस्ते में डाल दिया। क्षेत्र के लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों ने परिवहन मंत्री से पुनः उपरोक्त दोनों बसों को चलाने की मांग की है।
