विकास नहीं छलावा है, कांग्रेस पार्टी बहकावा है: अविनाश राय खन्ना
-कहा,सत्ता की लोभी कांग्रेस ने हर बार जनता को लुभावने प्रलोभन देकर गुमराह किया
-अब जनता मांगे हिसाब, क्यों किया विश्वासघात
हिमाचल भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने प्रदेश सरकार के कार्यों की जमकर भर्त्सना की और प्रदेश की जनता के ऊपर थोपे जा रहे अनर्गल फैसलों से बाज आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विकास नहीं छलावा है, कांग्रेस पार्टी बहकावा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की महिलाओं को नारी शक्ति वंदन सम्मान देकर संवारा है, वहीं हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की महिलाओं से किए गए वादे को नकारा है। उन्होंने कहा कि जनता से ठगी कर सरकार बनाना प्रदेश के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण क्षण था। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सत्ता की लोभी कांग्रेस ने हर बार जनता को लुभावने प्रलोभन देकर गुमराह किया है, जिसके लिए प्रदेश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद की भी मौजूदा कांग्रेस सरकार कभी सराहना तक नहीं करती, बल्कि अपनी डफली अपना ही राग अलापती है और सीधी-साधी जनता को गुमराह करने का अपराध करती रही है। खन्ना ने कहा कि छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह ने 2012 में सत्ता हथियाने के लिए युवाओं को 1000 से लेकर 1800 रुपये तक बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था और आज भी मौजूद कांग्रेस सरकार ने झूठी गारंटियां देकर सत्ता को हथियाया है। भाजपा ने जयराम ठाकुर के कार्यकाल में 1000 से ज्यादा संस्थान खोले, जो इस सरकार ने बंद कर दिए। अब जनता हिसाब मांग रही है कि उससे विश्वासघात क्यों किया है।
