डीजीपी बनाम निशांत केस : हिमाचल सरकार ने उच्च न्यायालय में पेश की स्टेटस रिपोर्ट
-डीजीपी और एसपी कांगड़ा ने दी ऑर्डर वापस लेने की अर्जी
हिमाचल उच्च न्यायालय में आज डीजीपी संजय कुंडू और कारोबारी निशांत शर्मा मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट में हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने मामले में अब तक की जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश की, वहीं डीजीपी और एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने ट्रांसफर के ऑर्डर वापस लेने को लेकर कोर्ट में एप्लिकेशन दी। हाई कोर्ट में यह केस जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस ज्योत्सना रेवाल दुआ की बैंच में लगा है। अब हाई कोर्ट संजय कुंडू का पक्ष सुनने के बाद तय करेगा कि मामले में जांच पूरी होने तक उन्हें डीजीपी पद से हटाया जाए या नहीं।
गौरतलब है कि गत 26 दिसंबर को हिमाचल उच्च न्यायालय ने डीजीपी संजय कुंडू और एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री को पद से हटाने के आदेश दिए थे, ताकि मामले में निष्पक्ष जांच हो सके। वहीं, आदेशों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे संजय कुंडू को उच्चतम अदालत से बड़ी राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने बिना डीजीपी का पक्ष सुने उन्हें पद से हटाने के आदेश पर रोक लगा दी थी और रिकॉल अर्जी को दो सप्ताह में निपटाने के आदेश दिए थे।
