धर्मपुर(मंडी) : जलशक्ति मंत्री ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सुनी जन समस्याएं, अधिकतर का मौके पर किया निपटारा
जल शक्ति, बागवानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में एक करोड़ छः लाख रूपये की लागत से दयोल से तरयाला नाला सड़क का शुभारंभ तथा एक करोड़ चार लाख रुपये की राशि से निर्मित दयोल से लहसनी सड़क पर 40 मीटर लम्बे पुल का विधिवत उदघाटन किया जिसके निर्माण हो जाने से लगभग सात गांवों के बाशिंदों को लाभ मिलेगा। मंत्री ने यहां पर दयोल से संधोल बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जलशकित मंत्री ने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान जय राम ठाकुर सरकार ने समूचे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास किया है। जनकल्याण को सर्वोच्च अधिमान देते हुए सरकार ने नेक नियत, नई सोच व मजबूत इरादों के साथ अनेक महत्वकांक्षी योजनाएं व कार्यक्रम आरम्भ किए हैं, जिनका समाज के अंतिम पायदान में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केन्द्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है तथा प्रदेश विकास के नए शिखर छू रहा है।
महेंद्र सिंह ठाकुर शनिवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कनूही, दयोल, रसाडी, कून, बैंझ खोल, टोरखोला, भडोत, जरेड़ कंगोटा, कमलाहू, ब्रैहल, घरवासड़ा, खेड़ी, नरवालका, शेरपुर, डूघा, ओडी- गललू में जन समस्याएं सुनने के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस बीच उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा अधिकत्तर का मौके पर ही निपटारा कर शेष समस्याओं बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में वैश्विक कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में भी प्रदेश में विकास की गति को रूकने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत ही नहीं बल्कि प्रत्येक गांव में सडक़- पुल, बिजली, पेयजल, स्वास्थय, शिक्षा आदि बुनियादी सुविधा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि कून में माता मंदिर के अतिरिक्त निर्माण कार्यों हेतु 5.37 लाख स्वीकृत हुआ है। उन्होने कहा कि जहां प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों से प्रदेशवासी लाभान्वित हुए हैं तो वहीं केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना आदि से प्रदेश के लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं। लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा, सहारा, मुख्यमंत्री हिमकेयर तथा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से राज्य के हर तबके व व्यक्ति को लाभान्वित करने का हरसंभव प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि नारी को नमन के तहत मुख्यमंत्री ने विगत दिन प्रदेश की आधी आबादी नारीशकित को विशेष उपहार दिया। अब महिलाओं का समस्त प्रदेश में एचआरटीसी की बसों में बस यात्रा के दौरान आधा किराया लगेगा। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का वर्तमान कार्यकाल ज़रूरतमंदों तथा कमज़ोर वर्गों के कल्याण व उत्थान के लिए समर्पित रहा ।
महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने जनकल्याण में एक कदम आगे बढ़ते हुए घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक प्रतिमाह नि:शुल्क बिजली देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रदेश के निचले क्षेत्रों के किसानों व बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ बनाने को एचपी शिवा प्रोजेक्ट की शुरूआत की गई है। जिसके माध्यम से प्रदेश के सात जिलों में बागवानी से किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ हो रही है। प्रदेश के निचले क्षेत्रों के लिए यह परियोजना न केवल बागवानी के नए द्वार खोल रही है, बल्कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए घर बैठे स्वरोजगार का भी एक अहम जरिया साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि एचपी शिवा प्रोजेक्ट के माध्यम से धर्मपुर विस क्षेत्र में भी लोगों को बागवानी के क्षेत्र में आगे बढऩे का एक बेहतरीन अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर को बेहतर पेयजल सुविधा प्रदान करने के लिए 115 करोड़ रूपये की उठाऊ पेयजल योजना संधोल- अवाहदेवी- बरच्छबाड़ का निर्माण किया जा रहा है जिसका शीघ्र ही शुभारंभ होगा। इस योजना के तहत लाभान्वित पंचायतों के साथ लगते क्षेत्र में जल स्रोतों के संवर्धन और सुधार का कार्य भी किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल जीवन मिशन में हर घर को नल से शुद्ध जल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने भी 93 प्रतिशत घरों को पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गत दो वर्षों से हिमाचल प्रदेश को लगातार प्रोत्साहन राशि मिल रही है।
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत दो बड़ी योजनाओं के तहत 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महेंद्र सिंह ठाकुर ने क्षेत्र की जनता से धर्मपुर की विकास यात्रा में साथ मिलकर चलने का आह्वान किया ताकि यहां के विकास कार्यों को न केवल आगे बढ़ाया जा सके, बल्कि एक नया मुकाम दिया जा सके।
इस अवसर पर जि़ला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, पंचायत प्रधान घनाला कशमीर सिंह ठाकुर, प्रधान कून रूप लाल, प्रधान पंकज, प्रधान सरला देवी, प्रधान शैलेन्द्र, डी ओ बालम राम, अधीक्षण अभियन्ता पीडब्लयूडी विजय चौधरी, अधिशाषी अभियन्ता जलशक्ति राकेश पराशर, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत सुनील, क्षेत्रीय प्रबन्धक एचआरटीसी नरेन्द्र शर्मा, सहायक अभियंता पीडब्लयूडी नरेन्द्र राणा, एसएमएस बागवानी रमेश ठुकराल, उपमण्डलीय भू-संरक्षण अधिकारी सरकाघाट धर्मपाल ठाकुर, पंचायती राज संस्थानों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
