मनरेगा मजदूरों ने एसडीएम ऑफिस के बाहर किया धरना प्रदर्शन
प्रेम ठाकुर। धर्मपुर
विकास खंड धर्मपुर की पंचायतों के सैकड़ाें मनरेगा मजदूरों ने सोमवार को एसडीएम ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया। सुबह से मनरेगा मजदूर धर्मपुर बस स्टेंड में लंगेहड़ पंचायत के प्रधान संजय ठाकुर, बनाल पंचायत की प्रधान डॉली ठाकुर, कुम्हारडा पंचायत की प्रधान मीना देवी व जोढन पंचायत की प्रधान किरण देवी के नेतृत्व में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। बस स्टेंड में एकत्रित होने के बाद मनरेगा मजदूरों ने एसडीएम ऑफिस तक रैली निकाली व फिर वहां पर अपना मांग पत्र दिया। मनरेगा मजदूरों के धरना प्रदर्शन को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव चन्द्रशेखर ने भी संबाेधित किया। चन्द्रशेखर ने उपस्थित मजदूरों को संबाेधित करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार पर मनरेगा कानून के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये सरकारे मनरेगा को सही ढंग से लागू करने में असफल रही है।
मनरेगा मजदूरों को मजदूरी करने के बाद कई महीनों तक तो मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता व काम मांगने पर समय पर काम भी नहीं दिया जा रहा है। मनरेगा मजदूरों का नेतृत्व कर रहे लंगेहड़ पंचायत के प्रधान संजय ठाकुर, बनाल पंचायत की प्रधान डॉली ठाकुर, कुम्हारडा पंचायत की प्रधान मीना देवी व जोढन पंचायत की प्रधान किरण देवी ने कहा कि सरकार जानबूझ कर ऐसे नियम बना रही है, जिससे मनरेगा को लागू करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ऑनलाइन हाजरी लगाने के आदेश जारी किए गए हैं, परंतु कई वार्ड मेंबरों के पास एंडराेयड फोन ही नहीं है, जबकि कई जगह सिग्नल ही नहीं होता है। उन्होंने मांग कि अगर वार्ड मेंबरों का मानदेय कम से कम पांच हजार किया जाए और मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी भी 350 की जाए। इसके साथ ही मांग की गई कि मजदूरों को समय पर काम उपलब्ध करवाया जाए और मजदूरी का भुगतान काम खत्म होने के 14 दिनों के अंदर किया जाए।
