धर्मशाला: अमेरिकी कांग्रेस का द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बौद्ध नगरी पहुंचा मैक्लोडगंज
अमेरिकी कांग्रेस का द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बौद्ध नगरी मैक्लोडगंज पहुंचा। हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष माइकल मैककॉलिस के नेतृत्व में आए अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के मैक्लोडगंज दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात करना है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व यूएस हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी, हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी रैंकिंग सदस्य ग्रेगरी डब्ल्यू मीक्स, हाउस रूल्स कमेटी रैंकिंग सदस्य जिम मैकगवर्न, इंडो-पैसिफिक रैंकिंग सदस्य अमी बेरा और कांग्रेसी मैरिएननेट मिलर-मीक्स और हाउस फॉरेन अफेयर्स उपसमिति शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 14वें दलाई लामा, भारत सरकार के अधिकारियों और देश में अमेरिकी व्यवसायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए काफी संख्या में निर्वासित तिब्बतियों सहित तिब्बतियों के विभिन्न समूहों के प्रतिनिधि कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे हुए थे। हाथों में अमेरिका और तिब्बत के राष्ट्रीय ध्वज लेकर निर्वासित तिब्बतियों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
