धर्मशाला: कोरोना को लेकर हिमाचल में केंद्र के दिशा-निर्देशों का हो रहा अनुपालन : डॉ. शांडिल
-40 देशों में फैल चुका है नया वेरिएंट जेएन-1, भारत में 21 केस
हिमाचल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट जेएन 1 के कुछ मामले ध्यान में आने से प्रदेश स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है और केंद्र के दिशा-निर्देशों की अनुपालन की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस वेरिएंट को लेकर संवेदनशील है।
गौर रहे कि कोरोना का नया वैरिएंट जेएन 1 दुनिया के 40 देशों में फैल चुका है। भारत में अब तक इसके 21 केस आ चुके हैं। गोवा में 19 और केरल-महाराष्ट्र में 1-1 मामला आया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से इसको लेकर बुधवार को वर्चुअल बैठक की गई थी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, मनसुख एल मंडाविया ने की थी। इसमें सभी राज्यों को सतर्क रहने के दिशा-निर्देश दिए गए थे।
