धर्मशाला : बरसात की मार से त्रस्त हिमाचल को क्रिसमस ने दी राहत
-सैलानियों से पैक हुए प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल
-शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में उमड़ा सैलाब
बरसात में आई आपदा की मार झेल चुके हिमाचल को क्रिसमस ने राहत दी है। प्राकृतिक आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर राज्य के करीब सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हो गए हैं। अगले एक हफ्ते पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि कसौली और चायल में अपेक्षाकृत कम भीड़ है। सैलानी ऐसे पर्यटन स्थलों को तरजीह दे रहे हैं, जहां आसपास बर्फ के दीदार हो सकें। दिल्ली से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें, पर्यटन विकास निगम की बसें और निजी वोल्वो पैक चल रही हैं।
शिमला में एक सप्ताह तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
शिमला के रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। यहां आज से शुरू होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम न्यू ईयर तक चलेंगे। उेसे में जाम से निपटने के लिए शिमला में आज से एक सप्ताह तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
