धर्मशाला : हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिये काम कर रही कांग्रेस : निगम भंडारी
** कहा, कांग्रेस के लिए कार्यकर्ता तो भाजपा के लिए जांच एजेंसियां लड़ेंगी चुनाव
धर्मशाला में आज जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गए। लोकसभा चुनाव की तैयारी के संदर्भ में इस बैठक का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चंबा लोकसभा के को-ऑर्डिनेटर निगम भंडारी की अगुवाई में हुआ। जिला अध्यक्ष कर्ण पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एआरडीबी बैंक के चेयरमैन संजय चौहान, निदेशक पुनीत मल्ली, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव राज कुमार अग्रवाल एवं अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस दौरान बूथ, मंडल और ब्लॉक पर संगठन की मजबूती के लिये कार्य करने और लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के दिशा-निर्देश कार्यकर्ताओं को दिये गए।
एक प्रेस वार्ता में बैठक के बारे में जानकारी देते हुए निगम भंडारी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिये कांग्रेस हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिये कार्य कर रही है। कांग्रेस के लिये कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है, जबकि बीजेपी के लिए ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, आयकर व अडानी चुनाव लड़ेंगे। अग्निवीर जैसी गलत भर्ती प्रक्रिया लागू कर मोदी सरकार ने वीरभूमि कांगड़ा के युवाओं के साथ धोखा किया है।
केंद्र सरकार के कार्यकाल के अंतिम वक्त पर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कांगड़ा दौरे पर सवाल करते हुए निगम भंडारी ने कहा कि नड्डा दिल्ली से वीरभूमि कांगड़ा के युवाओं को जो संदेश लेकर आये हैं, उसे फौज में जाने वाले युवाओं के साथ जरूर साझा करें। जेपी नड्डा युवाओं को बताएं कि मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना के जरिये 4 साल बाद 75 प्रतिशत को सेवानिवृत्त कर भारतीय सेना में भी कॉर्पोरेट संस्कृति को स्थापित करने का काम क्यों किया है। वहीं, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जनता ने जिन सांसद किशन कपूर को लाखों वोटों से जीता कर केंद्र भेजा था, पांच सालों तक जनता के बीच गैर हाजिर रहने का सवाल जो जनता उनसे कर रही है, वे उसका जबाव लोगों को जरूर दें।
