धर्मशाला : हिम समाचार ऐप डाउनलोड कर पाएं सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों की जानकारी
हिम समाचार ऐप पर अब सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम की प्रतिदिन अपडेट जारी की जा रही है। यह जानकारी उपनिदेशक उत्तरी क्षेत्र रवि वर्मा ने देते हुए बताया कि हिम समाचार ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एक निशुल्क ऐप है। उन्होंने बताया कि यह एक विश्वसनीय समाचार ऐप है जो कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
इस ऐप में प्रदेश सरकार के सभी विभागों स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता विभाग, बागवानी, कृषि, उद्योग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, भाषा एवं संस्कृति विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, तकनीकी शिक्षा, पशु पालन विभाग, वन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से जुड़ी सभी जानकारियां और प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए सभी घोषणाओं की जानकारी इस ऐप के माध्यम से मिलेगी।
उन्होंने बताया कि हिम समाचार ऐप से योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाना बेहद कारगर साबित हो रहा है तथा कोई भी मोबाइल यूजर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा लिए गए निर्णयों को अपने मोबाइल पर आसानी से देख सकता है। ऐप पर विभाग रोजाना सायं छह बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदेश में तथा प्रदेश के बाहर किए गए दौरों के दौरान लोगों के कल्याण के लिए की गई घोषणाओं को भी समाचार बुलेटिन में संकलित किया जाता है।
