धर्मशाला : एचआरटीसी ने सम्मानित किए बेहतरीन सेवाएं देने वाले कर्मचारी
** धर्मशाला बस स्टैंड पर सड़क जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान के तहत क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला बस स्टैंड में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला मंडल पंकज चड्ढा बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। इसके अतिरिक्त एचआरटीसी अपनी स्थापना का 50वां वर्ष भी मना रहा है, जिसके तहत भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बेहतरीन सेवाएं प्रदान करने वाले एचआरटीसी धर्मशाला के चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों सहित अन्य स्टाफ को भी प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला मंडल पंकज चड्ढ़ा ने कहा कि यातायात नियमों की अनुपालना अत्यंत जरूरी है। यातायात नियमों की अनुपालना स्वयं को ही नहीं बल्कि दूसरों की भी अनमोल जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रकार के वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों की कड़ाई से अनुपालना करते हुए अनमोल जिंदगियों को बचाने का आह्वान किया।
पंकज चड्ढा ने कहा कि एचआरटीसी अपनी स्थापना का 50वां वर्ष भी मना रहा है, जो प्रत्येक हिमाचलवासी के लिए गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि 50 साल बाद भी एचआरटीसी के प्रति प्रदेश वासियों ने विश्वास को जगाए रखा है। उन्होंने कहा कि आज एचआरटीसी के प्रति लोगों का जो भावनात्मक रिश्ता कायम हुआ है ये एचआरटीसी से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से एचआरटीसी के ड्राइवरों की पूरे देश भर में एक अलग पहचान है, जिन पर एचआरटीसी गर्व महसूस करता है।
