धर्मशाला : अब शहर में होर्डिंग्स लगाने पर देना होगा शुल्क
--अब बिना अनुमति धर्मशाला शहर में नहीं लगेगी होर्डिंग
--मासिक बैठक में लिया गया निर्णय
शुक्रवार को धर्मशाला नगर निगम की मासिक बैठक सम्पन हुई। इस बैठक में शहर के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। धर्मशाला शहर में आए दिन कोई न कोई नई होर्डिंग्स लगाई जाती थी जिनके लिए नगर निगम से कोई अनुमति और शुल्क नहीं दिया जाता था जिससे कहीं न कहीं नगर निगम को नुक्सान भी उठाना पड़ रहा था। आज की बैठक में शहर के विभिन हिस्सों में होर्डिंग्स लगाने को लेकर नियमित शुल्क लगाने का निर्णय किया गया। विज्ञापन को 3 श्रेणियों में बांटा गया है, कमर्शियल, वेलकम बिल बोर्ड और सरकारी स्कीम और प्रोग्राम। इसके लिए शहर को 3 हिस्सों में बांटा गया है, क्लास- ए, क्लास- बी और क्लास-सी। क्लास-ए में शहर के भाकसुनाग चौक, मैक्लोडगंज मेन स्क्वायर, पार्किंग और बस अड्डा, गाँधी पार्क चौक, नगर निगम दफतर और कोतवाली बाज़ार चौक को रखा गया है। क्लास-बी में डीसी ऑफिस के आस पास का क्षेत्र, एजुकेशन बोर्ड के आस पास का क्षेत्र, क्रिकेट स्टेडियम, चरान चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और बाय पास कोतवाली बाज़ार को रखा गया है। इसके अतिरिक्त क्लास-सी में शीला चौक और शहर के अन्य क्षेत्र जैसे खनियारा रोड, पटोला, सिधवाड़ी, रक्कड़, मोहली सड़क, कैंट सड़क, बाय पास सड़क मैक्लोडगंज और सकोह सड़क को रखा गया है। सभी क्लास के अनुसार होर्डिंग्स के दाम तय किए गए है। इसमें क्लास-ए में होर्डिंग्स का शुल्क 4000 से 90000 तक रखा गया है। क्लास-बी में शुल्क 3000 से 70000 तक रखा गया है। क्लास-सी में शुल्क 1500 से 35000 तक रखा गया है। यह शुल्क विभिन्न आकर के अनुसार निर्धारित किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए महापौर ओंकार नेहरिया ने कहा कि अब शहर में होर्डिंग्स लगाने का शुल्क देना होगा। इससे पहले शुल्क नहीं लिया जाता था जिससे नगर निगम को कहीं न कहीं नुक्सान हो रहा था। अब शहर को विभिन श्रेणियों में बांटा गया है और शुल्क निर्धारित किया गया है। आज की बैठक में इसे पास किया गया है और कुछ ही दिनों में यह शुल्क लगना शुरू हो जाएगा। इसके बावजूद भी यदि कोई व्यक्ति होर्डिंग्स लगाता है तो नगर निगम द्वारा उसे उसी समय निकाल दिया जाएगा।
