धर्मशाला: विधानसभा परिसर में सेब की पेटियां लेकर पहुंचा विपक्ष
-फलों के दाम तय करने की गारंटी को लेकर सरकार पर बोला हमला
-प्रदेश के बागवानों के साथ धोखा करने के लगाए आरोप
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन भी विपक्ष ने कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर सदन के बाहर खूब हल्ला बोला। विपक्ष के विधायक सेब की पेटियां लेकर पहुंचे और सरकार से पूछा कि सरकार ने बागवानों को फलों के दाम खुद तय करने की जो गारंटी दी थी, वो कब पूरी होगी। विपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बागवानों के साथ धोखा किया है, जो बर्दाश्त नहीं होगा।
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियां दी थीं, जिनमें एक गारंटी बागवानों को उनके फलों के दाम खुद तय करने की दी थी, जिसे अभी तक पूरा नहीं किया गया है। किसान-बागवान जब सरकार के पास इस गारंटी को लेकर पहुंचे तो सरकार ने कहा कि दुनिया में कहीं भी ऐसा कानून नहीं है, जहां पर बागवान खुद अपने फलों का दाम तय कर सकते हों। जयराम ठाकुर ने कहा कि जब ऐसा कानून ही नहीं है तो कांग्रेस ने बागवानों को यह झूठी गारंटी क्यों दी।
