धर्मशाला : आरएस बाली ने मटौर में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं
** बोले, सभी वादों को चरणबद्व तरीके से किया जाएगा पूरा
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि समाज सेवा तथा सुशासन ही सरकार की प्राथमिकता है तथा लोगों से किए गए सभी वादों को चरणबद्व तरीके से पूर्ण किया जाएगा। शनिवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने 192 से अधिक समस्याओं का सुना तथा उसमें अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया जबकि अन्य शिकायतों के त्वरित निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोगों द्वारा रखी विभिन्न मांगों पर संबंधित विभागों को यथाशीघ्र विस्तृत रिपोर्ट बनाकर सौंपने को कहा। कार्यक्रम में मुख्यत: रास्ते, पानी, सड़क, महिला मंडलों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई।
मेधावी बच्चों को टैब्स किए वितरित, बेटियों को चेक भी दिए
पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न स्कूलों के 65 मेधावी बच्चों को टैबस वितरित किए तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत 14 बेटियों को 21-21 हजार के चेक भी वितरित किए। इस अवसर पर आरएस बाली ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वोंगीण विकास तथा बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार अनेकों कार्यक्रम संचालित कर रही है।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 230 लोगों ने करवाया चेकअप
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें 230 से अधिक लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। इस शिविर में लोगों के ब्लड टेस्ट भी किए गए तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील शर्मा ने लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वास्थ्य को लेकर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।
