धर्मशाला : भाजपा के संपर्क अभियान में लाएं तेजी : राकेश डोगरा
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा हिमाचल की बैठक वर्चुअल माध्यम से हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा राकेश डोगरा ने की। बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। इस बैठक में भाजपा के बस्ती संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम की जानकारी ली। राकेश डोगरा ने मोर्चे के सभी पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि सभी 68 विधानसभा के 33 प्रतिशत से अधिक बाहुल्य बस्तियों में बस्ती एवं संपर्क अभियान को तेजी से चलाया जाए। ताकि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं से कोई वंचित न रह जाए। यह कार्यक्रम 5 मार्च तक चलाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में 24 फरवरी से संत गुरु रविदास की जयंती भी मोर्चा बहुत धूमधाम से मनाएगा।
बैठक में भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल द्वारा दिए निर्देशों के अनुसार हर 33 प्रतिशत बाहुल्य बूथ पर अनुसूचित जाति के 10 लोगों को भाजपा संगठन के साथ जोड़ा जाएगा और जहां 33 प्रतिशत से कम बाहुल्य बूथ हैं उन पर 5 लोगों को 25 फरवरी से पहले पहले जोड़ा जाएगा। हर विधानसभा में अनुसूचित सम्मेलन किए जाएंगे।