धर्मशाला : बिलिंग में लापता हुए युवक-युवती के शवों तक कुत्ते की आवाज सुनकर पहुंची थी रेस्क्यू टीम
** एएसपी बोले, चोटिल होने व ठंड लगने से हुई थी दोनों की मौत
** रेस्क्यू टीम ने टेक ऑफ प्वाइंट से तीन किलोमीटर नीचे बरामद किए थे शव
पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बिलिंग घाटी में बीते सोमवार से लापता युवक-युवती के क्षत-विक्षत शव मंगलवार देर शाम को रेस्क्यू टीम ने टेक ऑफ प्वाइंट से तीन किलोमीटर नीचे एक रास्ते पर बरामद किए थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक-युवती की मौत बर्फ में फिसलकर चोटिल होने व अत्यधिक ठंड के कारण से हुई है।
मामले के बारे में जानकारी देते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि गुमशुदा हुए लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम का गठन किया गया था, जिसमें स्थानीय लोग भी शामिल थे। रेस्क्यू टीम को बीड़ बिलिंग टेक ऑफ साइट पर एक कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई दी, इसी आवाज का पीछा करते हुए जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तो वहां लापता युवक और युवती के शव पड़े हुए थे। इस कुत्ते को युवक अपने साथ ले गया था।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृश्य में प्रतीत हो रहा है कि ये दोनों बर्फ में फिसलकर चोटिल हो गए थे और ज्यादा ठंड होने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। एएसपी ने अपील की है कि जो भी पर्यटक ट्रैकिंग साइट के लिए निकल रहे हैं, वे स्थानीय लोगों या गाइड को अपने साथ लेकर जाएं।
