बीएल पाठशाला कुनिहार में हुआ जिला स्तरीय कला उत्सव
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में समग्र शिक्षा सोलन के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कला उत्सव-2023 का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत जिला प्रोजेक्टर ऑफिसर कम प्रिंसिपल डाइट सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि की। उनके साथ समग्र शिक्षा सोलन की समन्वयक मधु ठाकुर भी मौजूद रहीं। मंच का संचालन करते हुए शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि और कला उत्सव में पधारे सभी अध्यापकों, जजों, बच्चों व अन्य का स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने सरस्वती मां के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के बच्चों ने वन्दे मातरम, सरस्वती वंदना की प्रस्तुति पेश की। उसके उपरांत विद्यालय अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। वहीं, मधु ठाकुर को विद्यालय प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापिका द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मिनित किया गया।
मधु ठाकुर ने इस जिला स्तरीय कला उत्सव और विभिन्न प्रकार के आयोजनों जैसे शास्त्रीय स्वर संगीत, पारंपरिक लोक स्वर संगीत, शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, मधुर वाद्य संगीत, तालवाद्य संगीत, दृश्य कला 2-डी, दृश्य कला 3-डी, स्वदेशी खिलौने और खेल, नाटक एकल अभिनय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस समारोह के समापन पर बीडीओ कुनिहार आकृति ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
ये रहे विजेता व उप विजेता
शास्त्रीय एवं पारंपरिक लोक संगीत में भास्कर कपिल, रिया, गौरव शर्मा व हीना वर्मा, शास्त्रीय नृत्य और लोक नृत्य में सार्थक धीमान व साक्षी नौटियाल, करन व कृति, वाद्य संगीत और तालवाद्य में यश व भूमिका और चिराग, दृश्य कला 2-डी और दृश्य कला 3-डी में दिवंशु व गजल और गौरव मौर्या व मानसी ठाकुर, स्वदेशी खिलौने और खेल में सुमित व इश्प्रीत कौर, एकल नाटक में हिमांशु मिश्र व अक्षिता ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त किए। वहीं, प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे छात्र व छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
अंत में बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि व सभी विद्यालयों से आए अध्यापकों और बच्चों का धन्यवाद किया और कहा कि बीएल पाठशाला कुनिहार के लिए यह गर्व की बात है कि यहां जिला स्तरीय कला उत्सव का आयोजन हुआ।
