सोलन में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का हर्षोल्लास के साथ हुआ आयोजन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से सफल रही है। विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को रसायनमुक्त बनाने तथा महिला सशक्तिकरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में मज़बूती के साथ आगे बढ़ रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस एवं गृह रक्षा द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक पंकज सन्धू ने परेड का नेतृत्व किया। उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की। विपिन सिंह परमार ने सवतन्त्रता सेनानियों और सैनिकों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए इनके जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आजा़दी का अमृत महोत्सव, पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयन्ती समारोह और गणतन्त्र दिवस जैसे समारोह हमें देशहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
विपिन सिंह परमार ने कहा कि कोविड-19 समय में चिकित्सकों, पैरा मेडिकल कर्मियों तथा फ्रंट लाईन कार्यकर्ताओं के सहयोग से हिमाचल ने टीकाकरण में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड से बचाव के लिए नियम पालन करें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए नवीन योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना शुरू की गई है। योजना के अंतर्गत 5 लाख 13 हजार परिवार पंजीकृत हैं और सरकार द्वारा 2 लाख 17 हजार लोगों को मुफ़्त इलाज की सुविधा प्रदान करने पर लगभग 200 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो.वीरेन्द्र कश्यप, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, नगर निगम सोलन की अध्यक्ष पूनम ग्रोवर, पार्षद, बघाट बैंक के उपाध्यक्ष संजीव सूद, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, महामन्त्री भरत साहनी, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, पुलिस उपअधीक्षक रमेश शर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
