धर्मशाला : उपायुक्त कार्यालय में हुई डिस्टिक टास्क फोर्स की मीटिंग
अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौर ने की बैठक की अध्यक्षता
पंकज सिंगटा। धर्मशाला
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा द्वारा आज (मंगलवार) काे डिस्टिक टास्क फोर्स की मीटिंग अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौर की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में हुई। इस मीटिंग में कोविड वैक्सीनेशन, रूटीन इम्यूनाइजेशन, आईपीवी फ्रेक्शनल डोज वैक्सीन की तीसरी डोज के बारे में मीजल्स रूबेला उन्मूलन के बारे मे विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जिला कांगड़ा में आज तक 3279541 डोज काेराेना वैक्सीन की दी जा चुकी है तथा जिन जिन लोगों ने अपनी काेरो ना की वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन व्यक्तियों से अनुरोध है कि वे अपनी डोज लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आगे बताया की एनीमिया मुक्त हिमाचल अभियान में अब तक 6 महीने से 10 वर्ष तक के 73% बच्चों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 44% बच्चे सामान्य श्रेणी में तथा 56% बच्चों में एनीमिया पाया गया तथा उनका इलाज सुनिश्चित किया गया।
आगे जानकारी देते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वंदना ने बताया कि अब नियमित टीकाकरण में जनवरी महीने से 9 महीने के बच्चों को फ्रेक्शनल आईपीवी की तीसरी डोज भी दी जाएगी, जो कि 9 महीने में एमआर वैक्सीन के साथ दी जाएगी। यह बच्चे को बाएं बाजू के ऊपरी भाग में दी जाएगी। इसलिए जनवरी महीने से जिस भी बच्चे को नौवें महीने में एम आर का टीका लगेगा, उसे साथ में आईपीवी की तीसरी डोज दी जाएगी। इसके साथ-साथ मीजल्स रूबेला उन्मूलन जिसका लक्ष्य 2023 तक हैं। इसके अंतर्गत 95% बच्चों को 2 साल तक की उम्र में मीजल्स रूबेला की दो डोजस सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ मीजल्स रूबेला आउटब्रेक कम से कम होनी चाहिए, ताकि 2023 तक हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर सके। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने मीटिंग में आए हुए अधिकारियों तथा कर्मचारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोई भी बच्चा जिसे बुखार के साथ शरीर पर लाल दाने हो उसे तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में भेजना होगा तथा हर बच्चे को नौवें महीने में मीजल्स रूबैल्ला वैक्सीन के साथ फ्रेक्शनल आईपीवी की डोज लगे।
इसके लिए अपने-अपने स्तर पर लोगों तक यह संदेश भिजवाए, ताकि सरकार द्वारा शुरू किए गए इन कार्यक्रमों का लाभ सभी लोग उठा सकें। आखिर में अतिरिक्त उपायुक्त मैडम गंधर्वा राठौर ने यह आश्वासन दिया कि इन सभी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग को किसी प्रकार के प्रशासनिक सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं तथा उन्होंने महिला तथा बाल विकास विभाग शिक्षा विभाग को यह निर्देश दिए कि वे सभी बच्चों को फ्रेक्शनल आईपीवी की तीसरी डोस तथा सभी बच्चों का पूरा टीकाकरण सुनिश्चित हो इसके लिए अपने अपने स्तर पर काम करके इसे सुनिश्चित करें। इस मीटिंग में महिला एवं बाल विकास विभाग शिक्षा विभाग स्वयंसेवी संगठन तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
