ऊना : डबल इंजन प्रदेश में हुआ फ्लॉप-कपिला
कहा, मुकेश उठा रहे जनता की आवाज, कांग्रेस की सरकार का आना है तय
ममता भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अविनाश कपिला ने बुधवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार ने प्रदेश को आर्थिक संकट के दौर में पहुंचा दिया है, केवल फर्जी घोषणाएं करना सरकार का काम बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार को कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साढे चार वर्ष होने के बाद भी जिस प्रकार से भाजपा की सरकार कांग्रेस पर दोषारोपण करने का काम कर रही है। यह साबित करता है कि साढे़ 4 वर्ष में भाजपा की सरकार डबल इंजन को चलाने में प्रदेश में विफल हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने जनता के मुद्दों को उठाया है और लगातार विपक्ष जनता की आवाज बना है। इसलिए सरकार को अनेक मसलों पर यू -टर्न लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा करने का काम कांग्रेस पार्टी कर रही है, जबकि भाजपा ने लगातार माफिया को बढ़ावा दिया है। सरकार के इशारे पर माफिया चल रहा है।
रेत माफिया, खनन माफिया, भू-माफिया, वन माफिया, तबादला माफिया, हिमाचल को बेचने का माफिया भाजपा की सरकार के संरक्षण में चल रहा है। अविनाश कपिला ने कहा कि प्रदेश में जनता के मुद्दों की आवाज को खड़ा करने का काम नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि लगातार सरकार पर पैनी नजर रखते हुए नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने आवाज को उठाया है। उन्होंने कहा कि बिना डरे हुए, बिना झुके हुए। आज भी हिमाचल प्रदेश की आवाज को बुलंद करने का काम नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री कर रहे हैं और उन्हें सभी विधायकों का समर्थन प्राप्त है। सभी विधायक मिलकर के हिमाचल के हित की बात को रख रहे हैं। अविनाश कपिला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता वीरभद्र सिंह ने जिस प्रकार से प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाया कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह के विजन को आगे बढ़ाएगी।
हिमाचल का विकास करने का काम हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने कांग्रेस पार्टी की कमान सांसद प्रतिभा सिंह को देखकर एक सराहनीय कार्य किया है। प्रतिभा सिंह लगातार सड़कों पर उतर कर जनसमर्थन जुटाने का काम कर रही है। काग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम हो रहा है। अविनाश कपिला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर के लड़ाई लड़ रहे हैं। जनता अब जुमलों में आने वाली नहीं है, भाजपा के झूठे वादों में आने वाली नहीं है। क्योंकि जनता को पता है कि हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ कांग्रेस ही काम करेगी।
रायजादा लड़ रहे जनता की लड़ाई
अविनाश कपिला ने कहा कि ऊना सदर में लगातार जनता की आवाज उठाने का काम सदर के विधायक सतपाल रायजादा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपाल रायजादा ने जनता की आवाज को उठाया है, जनता के हित की लड़ाई को लड़ा है। उन्होंने कहा कि आज जनता का समर्थन मिल रहा है। जनता रायजादा के साथ है। अविनाश कपिला ने कहा कि सभी एकजुट होकर के कांग्रेस पार्टी के लिए काम करें, ताकि जनता की सहूलियत का ध्यान कांग्रेस सरकार सत्ता में आने पर रख सके।