पालमपुर : दर्जनभर परिवारों ने छाेड़ी कांग्रेस, थामा भाजपा दामन
प्रतिमा राणा। पालमपुर
थला पंचायत के उआरना के एक दर्जन परिवारों ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया। गांव के लोगों ने कहा कि आज तक हम कांग्रेस के साथ चलते रहे, लेकिन यह हमारा दुर्भाग्य था न तो आज तक हमारी समस्याओं को सुना गया और न ही हमारे बारे में कुछ सोचा। जब चुनाव आते हैं, तब हमारी सुध लेते हैं और हमारे लोगों को बरगला कर बोतल ले लेते हैं, लेकिन फिर 5 वर्ष उनके दर्शन नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि अब गांव के लोग भी पढ़-लिख गए हैं और समझदार हो गए हैं, अब इनके झूठे झांसे में आने वाले नहीं हैं। गांव के लोगों ने कहा कि आज हमने जयराम ठाकुर की योजनाएं, कार्यक्रम और त्रिलोक कपूर की कार्य पद्धति से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।