डॉ. शांडिल ने ममलीग में बादल फटने से हुई 7 लोगों की मृत्यु पर जताया शोक
( words)

उपायुक्त सोलन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल ने सोलन विधानसभा क्षेत्र की ममलीग तहसील के जदोन गांव में बादल फटने के कारण 7 लोगों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
हादसे की जानकारी मिलते ही उपायुक्त सोलन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 2 चिकत्सकों को शीघ्र घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को क्षेत्र के सभी संपर्क मार्ग शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा वह स्वयं स्थिति का नियमित अनुश्रवण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी सहायता अपनों की क्षति की पूर्ति नहीं कर सकती। जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को त्वरित फौरी राहत प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।