इंदाैरा : नशे में धुत युवक ने बुजुर्ग दुकानदार के साथ की मारपीट, मामला दर्ज
मनीष ठाकुर। इंदाैरा
थाना इंदौरा के अंतर्गत ग्राम पड़ती ग्राम पंचायत भोग्रवां में एक नशेड़ी व्यक्ति द्वारा दुकानदार से मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि कृष्ण चंद पुत्र सांगा राम निवासी भोग्रवां ने थाना में शिकायत पत्र देते हुए बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था कि इतने में लेख राज पुत्र तरसेम लाल निवासी भोग्रवां तहसील इंदौरा जो कि शराब के नशे में धुत था, दुकान पर आया और गाली-गलौज करने लगा। जब उसे गाली-गलौज करने से मना किया, तो वह हाथापाई पर उतर आया और मारपीट करने लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि लेखराज के ऊपर शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
