कुल्लू : पत्नी के अवैध रिश्ताें के चलते काराेबारी ने की आशिक की हत्या
आलाेक। कुल्लू
पर्यटन नगरी मनाली में होटल कारोबारी ने पत्नी के अवैध रिश्ते से दुःखी होकर उसके आशिक की हत्या कर दी और स्वयं को भी गोली से उड़ाया। पति ने अपनी पत्नी को भी गोली मारी है, लेकिन उसकी बाजू में गोली लगी है। पर्यटन नगरी मनाली में हुए गोलीकांड में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने माैके में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मनाली के शुरू गांव के एक निजी होटल में पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी खत्म होने के बाद सुबह के समय होटल के भीतर गोली चलने की आवाज आई। होटल कर्मचारी आवाज सुनकर कमरे की ओर भागे। कमरे में पहुंचकर देखा, तो दो लोगों को गोली लगी थी, जबकि एक घायल अवस्था में पड़ी थी। होटल संचालक ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मनाली पुलिस ने डीएसपी हेम राज वर्मा की अध्यक्षता में जांच शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा भी मौके पर पहुंचे।