पधर : द्रंग विधानसभा में पूरी तरह चरमरई शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं-बामन देव ठाकुर
फर्स्ट वर्डिक्ट। पधर
ब्लॉक कांग्रेस द्रंग के अध्यक्ष बामन देव ठाकुर ने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा कर रह गई हैं, जिस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मांग करने पर भी प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। विधायक जवाहर ठाकुर भी लोगों की मांगों को अनसुना कर रहे हैं, जिससे जनता में खासा आक्रोश है। रविवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुफरी में कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ कर रह गया है। इस बात का जनता को भी मलाल है। उन्होंने कहा कि कुफरी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 5 वर्षाें से डॉक्टर का पद रिक्त चल रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों की बार बार मांग के बावजूद स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार ने कोई सुध तक नहीं ली। यह क्षेत्र की जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
विधानसभा क्षेत्र में ऐसे दर्जनों स्वास्थ्य संस्थान हैं, जहां डॉक्टरों अध्यापकों के पद रिक्त चल रहे हैं। सिविल अस्पताल पधर में 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर तैनात थे, आज एक भी नहीं है। स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं। विद्यार्थी और अभिभावक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने पूर्व सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना कर अब कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाना शुरू कर दिया है। इसके लिए कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जाकर प्रचार-प्रसार करें। इस दौरान जिला कांग्रेस महासचिव हेम सिंह पधर मंडल अध्यक्ष गिरधारी लाल, ब्लॉक कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, प्रेम सिंह यादव, ओमप्रकाश, गुरुदेव, रूप सिंह, रविंद्र कुमार, विंद राम, राकेश कुमार, नीलमणि, एनएस राणा, कुलदीप सिंह व भानु कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।