नाग्गर में पर्यावरण संरक्षण की पहल, शील्ड ट्रस्ट ने रोपे देवदार के 14 पौधे
कुल्लू, 25 सितंबर 2026। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शील्ड ट्रस्ट (Safeguarding Himachal’s Integrity, Environment, Landmarks & Dignity) ने आउटस्टेप पब्लिक स्कूल, नाग्गर के सहयोग से पौधरोपण अभियान चलाया। “Green Today | Greener Tomorrow” थीम के तहत आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
अभियान के दौरान स्कूल परिसर में देवदार के 14 पौधे लगाए गए। इसके अलावा विद्यार्थियों और शिक्षकों को घरों तथा आसपास पौधे लगाने के लिए अतिरिक्त पौधे भी वितरित किए गए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश स्कूल परिसर से निकलकर स्थानीय समुदाय तक पहुंचे।
इस अभियान में कुल्लू वन विभाग का भी सहयोग रहा। वन विभाग ने पौधे उपलब्ध करवाने के साथ उनके उचित रोपण और देखभाल को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। शील्ड ट्रस्ट ने डीएफओ, रेंज ऑफिसर और वन विभाग के अन्य अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आउटस्टेप पब्लिक स्कूल, नाग्गर के एमडी एवं प्रधानाचार्य खुभ राम नेगी ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के लिए ऐसी गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्रों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
शील्ड ट्रस्ट की अध्यक्ष रितांजलि हस्तीर ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों में शामिल करना है, ताकि हिमाचल की हरियाली और प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने में जनभागीदारी बढ़े।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लिया। ट्रस्ट के सचिव डॉ. योगेश भारद्वाज ने विद्यालय प्रबंधन, वन विभाग, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों का सहयोग के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। उनकी जीवितता, स्वस्थ विकास और नियमित देखभाल ही इस पहल की वास्तविक सफलता है।
शील्ड ट्रस्ट ने कहा कि भविष्य में भी विद्यालयों और स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर हिमाचल के पर्यावरण, हरित क्षेत्रों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा
