दाड़लाघाट : मांगल स्कूल में जल्द भरें जाएं रिक्त पद- अभिभावक
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
भले ही सरकार प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं देने के लिए बड़े-बड़े दावे करती हो और बड़े-बड़े तगमे अपने नाम लेती है, लेकिन कुछ स्कूल ऐसे भी हैं, जहां पर सरकार के सभी दावे खोखले नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक स्कूल है सोलन जिला के अर्की उपमंडल का राजकीय माध्यमिक विद्यालय मांगल का, जहां विभिन्न पद रिक्त चल रहे हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राकेश कुमार तथा अभिभावकों ने विद्यालय में चल रहे प्रवक्ताओं तथा अध्यापकों के रिक्त पदों पर अपनी चिंता जाहिर की है। इसको लेकर स्कूल प्रबंधन समिति के द्वारा विद्यालय में विभिन्न पदों शिक्षक व गैर शिक्षक को भरने के बारे के लिए एक प्रस्ताव उच्च शिक्षा निदेशक शिमला हिमाचल प्रदेश को भेजा है।
एसएमसी के प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में प्रवक्ता अर्थशास्त्र, प्रवक्ता कॉमर्स, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, शास्त्री, ड्राइंग मास्टर तथा गैर शिक्षक वर्ग में सभी पद, अधीक्षक, वरिष्ठ सहायक, क्लर्क के पद रिक्त चल रहे हैं। इन पदों के रिक्त होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। स्कूल प्रबंधन समिति ने एक प्रस्ताव पारित कर निदेशक उच्च शिक्षा के माध्यम से सरकार को भेजा है की सरकार जल्द से जल्द विद्यालय में प्रवक्ताओं व अन्य रिक्त चल रहे पद भरे जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द इस स्कूल में रिक्त चल रहे पदों की नियुक्ति की जाए, ताकि बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी राहत की सांस ले सकें।
