शिमला : कांग्रेस की मांग पार्टी चिन्ह पर हाें शिमला नगर निगम के चुनाव : छाजटा
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने कहा कि जून माह में शिमला नगर निगम के चुनाव प्रस्तावित है, जिसको लेकर कांग्रेस भाजपा तथा आम आदमी पार्टी ने चुनावी कसरत शुरू कर दी हैं। इससे पहले प्रदेश में हुए चार नगर निगम चुनावों में सोलन और पालमपुर में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थीं, अब शिमला नगर निगम चुनावों की बारी हैं, जिसमें त्रिकोनिया मुकाबला होने वाला हैं। यशवंत सिंह छाजटा ने कहा कि ज़ब इससे पहले हुए नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्हों पर हुए हैं, तो अब प्रदेश भाजपा सरकार पार्टी चिन्हों पर चुनाव करवाने से क्यों घबरा रही हैं। ऐसा प्रतीत होता हैं कि भाजपा सरकार को नगर निगम चुनावों से पहले हार का डर सताने लगा हैं। कांग्रेस नगर निगम चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कांग्रेस ने नगर निगम चुनावों के लिए सभी कमेटीयों का गठन कर लिया गया हैं और बीते कल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने वार्ड-4 कैथू में प्रचार शुरू कर दिया है। इसी तरह से शिमला नगर निगम के सभी वार्डों में इसी तरह नुकड़ जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि कांग्रेस विचारधारा को जन-जन तक पहुंचा सकें। छाजटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के चलते बाहरी राज्यों से सैलानियों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में कोरोना की चौथी लहर ने दस्तक देनी शुरू कर दी हैं, जिसके चलते पड़ोसी राज्यों में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क पहने तथा सोशल डिस्टेंस बनाए रखने को लेकर एडवाइजरी जारी की हैं। यशवंत सिंह छाजटा ने कहा कि आने वाले समय में कोरोना वायरस की लहर और घातक हो सकती है। इसको लेकर सरकार को समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए, इससे पहले भी जब प्रदेश में कोरोना की पहली एवं दूसरी तथा तीसरी लहर आई थी, उस समय भी कांग्रेस ने वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए सरकार का पूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि अब जबकि गर्मियों के चलते अन्य राज्यों से प्रदेश में सैलानियों का जमवाड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है और माल रोड तथा अन्य पर्यटक स्थलों पर भारी मात्रा में पर्यटक इकट्ठे हो रहे हैं और कोरोना नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते यह कोरोना को खुलेआम न्योता दे रहे हैं। सरकार को चाहिए कि समय रहते सख्त नियमों को लागू कर कोरोना से निजात दिलाने में प्रदेश सरकार अपनी भूमिका निभाएं।
