देहरा में समय पर राशन उपलब्ध करवाने पर रहेगा जोर: मुकुल शर्मा
** एडवोकेट मुकुल शर्मा बोले, जल्द वे विधायक कमलेश ठाकुर से समस्याओं के बारे करेगें चर्चा
देहरा मार्केटिंग को-ऑपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष, एडवोकेट मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को रैहन बसेरा देहरा में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरा जोन की लगभग 20 सहकारी सभाओं के सचिव और विक्रेताओं ने भाग लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह था कि सहकारी सभाओं में राशन की क्वांटिटी और क्वालिटी समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो।सभी उपस्थित सचिवों और विक्रेताओं को जागरूक करते हुए अध्यक्ष एडवोकेट मुकुल शर्मा ने कहा कि इस दिशा में सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। बैठक में विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। कई कर्मचारियों ने वेतन से संबंधित अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, तो कुछ सचिवों और विक्रेताओं ने घटिया खाद्य सामग्री और निर्धारित वजन से कम वजन की खाद्य वस्तुओं की बोरियों के आने की शिकायत की। इसके अतिरिक्त, समय पर राशन उपलब्ध न होने के बारे में भी कई समस्याएं सामने आईं।सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद, एडवोकेट मुकुल शर्मा ने बताया कि सभी शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें देहरा की विधायक, कमलेश ठाकुर के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं के सचिवों और विक्रेताओं से अपील की कि वे सोसायटी को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस बैठक में सभी ने मिलकर अपने अनुभव साझा किए और विश्वास जताया कि इस प्रकार की बैठकें समस्याओं के समाधान में मददगार साबित होंगी।
