Dadlaghat:- पीएचसी धुन्दन में कर्मचारियों का टोटा, जनता परेशान
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुन्दन में गत काफी लंबे अरसे से कर्मचारियों के पद रिक्त होने से आठ पंचायतों के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम हैं। लोगों को अपने इलाज के लिए अर्की या बिलासपुर जाना पड़ता है जिस से उन्हे भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वही, पंचायत धुंदन में विधायक जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुन्दन में खाली पड़े पदों को भरने हेतु एक ज्ञापन विधायक अर्की संजय अवस्थी को सौंपा। स्थानीय लोगों में वीरेंद्र गुप्ता, कांता देवी, प्रीति गुप्ता, रोशन लाल, भूप सिंह, गंगा राम, देवी चंद, विनोद कंवर सहित अन्य लोगों का कहना है कि धुन्दन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केवल एक डॉक्टर और एक सफाई कर्मचारी के सहारे चल रहा है, अन्य स्वीकृत पद जैसे दंत चिकित्सक, फार्मासिस्ट, मेल सुपरवाइजर, फीमेल वर्कर, स्टाफ नर्स, लैब असिस्टेंट इत्यादि पद कई महीनों से रिक्त पड़े हैं। इसके अलावा रेडियोग्राफी की मशीन तो मौजूद है, लेकिन रेडियोग्राफर की पोस्ट स्वीकृत ही नहीं है। इस बारे कई बार विभाग को लिखा गया लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है की दंत चिकित्सक का पद तो स्वीकृत है, लेकिन आजकल यह पद भी खाली है।दंत चिकित्सा संबंधी उपकरण तो गत पांच वर्ष से मौजूद नहीं है। उनका कहना है कि प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की छत भी टूट चुकी है जिससे पानी कमरों के अंदर टपकता रहता है, यही नहीं चिकित्सा भवन का मेन गेट भी नहीं बना है, जिस कारण पशु परिसर के अंदर डेरा जमाए रहते है। स्थानीय लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर सहित अन्य सभी पदों को शीघ्र भरा जाए।
उधर,विधायक संजय अवस्थी ने इस समस्या को हिमाचल सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
जब इस बारे बीएमओ अर्की राधा शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कुछ पद सेवानिवृत्ति और स्थानांतरण के कारण रिक्त हुए हैं,जिसकी सूचना उसी समय विभागीय अधिकारियों को भेज दी गई है। अतः शीघ्र ही रिक्त पदों पर नियुक्ति की उम्मीद है।
