देश और प्रदेश में महिला का सशक्तिकरण कांग्रेस की देनः जिला अध्यक्ष वनीता वर्मा
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा सांसद इंदु गोस्वामी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि महिलाओं का सशक्तिकरण कांग्रेस की ही देन है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष वनीता वर्मा ने कहा है कि कांग्रेस की सरकारों ने ही महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि देश में पंचायतीराज सिस्टम और इसमें भी महिलाओं को पंचायतीराज में 33 फीसदी आरक्षण देना कांग्रेस सरकार की पहल थी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी ने देश में महिलाओं को स्थानीय निकायों और पंचायतीराज संस्थानों में आरक्षण देकर उनकी विकास में भागीदारी सुनिश्चित की थी। इसकी बदौलत ही आज हिमाचल में पंचायतीराज संस्थानों में पचास फीसदी से ज्यादा महिलाएँ चुनकर आ रही हैं। इससे महिलाओं का सशक्तिकरण संभव हुआ है। यही नहीं प्रदेश में रही कांग्रेस सरकारों ने महिलाओं की शिक्षा को सुधारने के लिए भी कई कदम उठाए। लड़कियों के लिए निशुल्क शिक्षा की सुविधा भी कांग्रेस सरकार की देन है। इसका परिणाम है कि आज हिमाचल में लड़कियां उच्च हासिल कर रही हैं।
वनीता वर्मा ने कहा है कि बीते पांच सालों में हिमाचल में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। दुराचार की घटनाओं में आए दिन बढ़ोतरी हो रही है। यही नहीं भाजपा राज में हत्या के मामलों में भी भारी इजाफा हुआ है। उन्होंने भाजपा नेत्री से कहा है कि वह बताएं कि पिछले पांच सालों में महिलाओं पर अत्याचार और अपराधों पर जयराम सरकार ने क्या कदम उठाए है ? वनीता वर्मा ने कहा है कि कांग्रेस ने प्रदेश की महिलाओं को गारंटी दी कि राज्य में सरकार पर बनने पर हर महिला के खाते में हर माह 1500 रुपए जमा किए जाएंगे। इससे महिलाओं को इस मंहगाई की दौर में बहुत राहत मिलेगी।
