हरथू में चलाए गए पांच दिवसीय शिविर का हुआ समापन
ज़िला युवा खेल सेवाएं विभाग सोलन की सौजन्य से आजाद युवा क्लब द्वारा ग्राम पंचायत बसन्तपुर के गांव हरथू में चलाए गए पांच दिवसीय शिविर का समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्यतिथि ज़िला युवा खेल सेवाएं विभाग सोलन के संयोजक दीपक कुमार उपस्थित हुए।
इस मौके पर क्लब के प्रधान जय प्रकाश ने पांच दिनों तक चले शिविर के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि इस शिविर में गांव के 25 युवक व युवतियां ने भाग लिया। उन्होने कहा कि इन पांच दिनों में युवाओं द्वारा पानी की बावड़ियों की सफाई, नालियों की सफाई, रास्तों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल प्रांगण, पंचायत प्रांगण सहित अन्य जगहों की साफ सफाई की गई। मुख्यतिथि दीपक कुमार ने कहा कि युवा खेल सेवाएं विभाग द्वारा कई कार्यक्रमों का आयोजन सालभर किया जाता है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास रहता है कि युवाओ को खेल के साथ सामाजिक कार्यो की ओर भी प्रेरित किया जाए जिससे उनमें अनुशासन, दृढ़ संकल्प के साथ उनका मनोबल बढ़े।
इस अवसर पर मुख्यतिथि ने शिविर में उपस्थित युवक व युवतियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं इस मौके पर मुख्य स्वयंसेविका रक्षा वर्मा, प्रियंका, दीपक, संतोष, पवन, विक्रम, यशपाल, राकेश, मनीषा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
