पांवटा साहिब : ऊर्जा मंत्री ने शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का मुआयना कर सुनी जनसमस्याएं
गगन शर्मा। पांवटा साहिब
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश, सुखराम चौधरी ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों व उपमंडल दंडाधिकारी पांवटा साहिब विवेक महाजन सहित अन्य अधिकारियों के साथ पांवटा साहिब से शिलाई-गुम्मा के लिए निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का मुआयना किया। उन्होंने इस राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की, ताकि इस निर्माण कार्य से किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े और साथ ही यह मार्ग आमजन के लिए और अधिक सुविधाजनक बन सके।
उन्होंने मौजूद जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग को जनता की मांग के अनुरूप बेहतर बना कर दिया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने इस दौरान लोगों की जनसमस्याएं भी सुनी तथा उनका निराकरण भी किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सचिव OBC मोर्चा हिमाचल प्रदेश सुभाष चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, अध्यक्ष युवा मोर्चा पांवटा साहिब राहुल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
