करसाेग : व्यय पर्यवेक्षक ने करसोग, नाचन व सराज के प्रत्याशियों के व्यय संबंधी खातों का किया निरीक्षण
राज साेनी। करसाेग
विधानसभा चुनाव-2022 के दृष्टिगत तीन विधानसभा क्षेत्रों 26-करसोग, 28-नाचन और 29-सराज के लिए नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक विनोद कुमार की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय करसोग के सभागार में सभी पार्टियों के व्यय प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यय पर्यवेक्षक ने तीनों निर्वाचन क्षेत्रों के सभी पार्टियों के व्यय प्रतिनिधियों से चुनावी गतिविधियों पर किए गए व्यय की रिपोर्ट ली और उनके व्यय संबंधी खातों का निरीक्षण भी किया। व्यय पर्यवेक्षक का प्रत्याशियों द्धारा चुनावी गतिविधियों पर किए गए व्यय का यह दूसरा निरीक्षण था।
गौरतलब है कि भारतीय चुनाव आयोग की ओर से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की लिमिट 40 लाख रुपए तय की गई है। कोई भी प्रत्याशी निर्धारित सीमा से अधिक खर्च चुनाव संबंधी गतिविधियों पर नहीं कर सकता, जिसके अंतर्गत ही चुनाव आयोग की ओर से विधानसभा चुनावों के दौरान चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की निगरानी करने के लिए चुनाव व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। प्रत्याशियों के चुनावी व्यय संबंधी खातों का निरीक्षण समय-समय पर व्यय पर्यवेक्षक द्वारा किया जाना आवशयक है।