पधर : खराब मौसम के चलते क्रिकेट प्रतियोगिता की बढ़ाई समयावधि
चौहारघाटी की सनवाड़ पंचायत के मांदरा में कापू मेले में आयोजित की जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता को खराब मौसम के चलते तीन दिन से बढ़ा कर पांच दिवसीय कर दिया गया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन स्थानीय पंचायत कांग्रेस कमेटी के प्रधान नंद राम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय कर हौसला अफजाई की। मेला कमेटी अध्यक्ष बलदेव ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।
इस दौरान जोरला और बागर बरयाना कुल्लू के खिलाडिय़ों के बीच खेले गए मैच में जोरला की टीम ने 58 रनों से जीत दर्ज की। जोरला के खिलाडिय़ों ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए। जवाब में बागर बयाना की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 70 रन ही बना पाई। सेरी और राजपूत रॉयल्स के बीच हुए मुकाबले में सेरी के खिलाडिय़ों ने 34 रन से मैच जीता। सेरी की टीम ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए। जबाब में राजपूत रॉयल्स की पूरी टीम महज 63 रनों में ढेर हो गई। बथेरी और नारायण इलेवन के मध्य हुए रोचक मुकाबले में बथेरी के खिलाडिय़ों ने 6 रन से जीत दर्ज की। बथेरी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी नारायण इलेवन की टीम 75 रनों में ऑल आउट हो गई। मिक्स ब्रदर्स और यंग स्टार के मध्य हुए मुकाबले में मिक्स ब्रदर्स ने 36 रन से मैच जीता। मिक्स ब्रदर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए। जवाब में यंग स्टार की टीम 81 रनों में सिमट गई।
जॉइंट किलर और टनवाग के मध्य हुए मुकाबले में जॉइंट किलर की टीम ने 33 रनों से मैच जीता। जाइंट किलर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाए। टनवाग की टीम 86 रनों में ढेर हो गई। फिफ्टी एट फिफ्टी सिक्स और हुरंग नारायण की टीम के बीच हुए मुकाबले में हुरंग नारायण की टीम ने 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। फिफ्टी एट फिफ्टी सिक्स के खिलाडिय़ों ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 100 रन बनाए। हुरंग नारायण की टीम ने मात्र 7 ओवरों में ही 4 विकेट खोकर यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। प्रतियोगिता के आयोजक एवं मेला समिति अध्यक्ष बलदेव ने कहा कि लगभग 30 टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। समापन शुक्रवार को होगा।
