भोले भाले किसानों को विपक्षी पार्टियां कर रही भ्रमित : किसान मोर्चा अर्की
भोले भाले किसानों को विपक्षी पार्टियां भ्रमित कर रही हैं, जिसकी वजह से देश का अन्नदाता सर्दी के मौसम में सड़कों पर बैठने को मजबूर है। यह बात किसान मोर्चा अर्की मंडल के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला व जिला भाजपा सचिव सोलन राकेश गौतम ने दाड़लाघाट में आयोजित प्रेसवार्ता में सयुंक्त रूप से कही। उन्होंने कहा देश के सभी किसान अर्थशास्त्री कृषि कानूनों को क्रांतिकारी बता रहे हैं और उन सबका मानना है कि इन कदमों से भारतीय किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। लेकिन विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार के विरुद्ध अपना छिपा हुआ एजेंडा चलाने के लिए किसानों को भ्रमित कर आंदोलन चलाने का दबाव डाल रही हैं।
केंद्र सरकार किसानों से हर मुद्दे पर पूरी संजीदगी के साथ खुले मन से बात कर रही हैं और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि शीघ्र ही किसानों और केंद्र सरकार की वार्ता के अच्छे परिणाम सामने आएंगे। जगदीश्वर शुक्ला व राकेश गौतम ने कहा पूर्ववर्ती सरकारें दशकों तक किसानों से खोखले वादे करती रहीं। वे आज अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसानों के कंधे पर रखकर बंदूक चला रही हैं,उन्हें भ्रमित कर रही हैं और अफवाहें फैला रही हैं। उन्होंने कहा आजादी के बाद अनेक दशकों तक किसान और श्रमिक के नाम पर खूब नारे लगे, बड़े-बड़े घोषणा पत्र लिखे गए, लेकिन समय की कसौटी ने सिद्ध कर दिया है कि वो सारी बातें कितनी खोखली थीं।कृषि सुधार की बारीकियों को जब किसान जान लाएगा तो भ्रम में नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के किसानों को सदैव ही सम्मान मिला है। भाजपा सरकार का मानना है कि 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने में कृषि सुधार कानूनों से मदद मिलेगी। सरकार हमेशा ही किसानों के पक्ष में कार्य करती रही है। देश के इतिहास में पहली बार किसानों के कल्याण के लिये अनेक योजनायें चलाई गई हैं। चाहे पीएम किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना या प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सरकार हमेशा ही किसान हितैषी रही है।
जगदीश्वर शुक्ला व राकेश गौतम ने भारत बंद को जिसको हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था उसे बेअसर करा दिया है। जगदीश्वर शुक्ला व राकेश गौतम ने कहा कि कांग्रेस देशभर में किसानों को बरगलाने का काम कर रही है वहीं दूसरी और भारतीय जनता पार्टी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित की निर्णय ले रही है। जहां एक तरफ दो विधेयक लाकर किसानों की आय दोगुनी करने का प्रावधान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस किसानों के कंधे पर बंदूक रख अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का काम कर रही है, जिसमें कांग्रेस पूरे देश में असफल रही है। विपक्ष में बैठे हुए दल भी पूरे देश में बेअसर साबित हुए। प्रेसवार्ता में किसान मोर्चा अर्की मंडल के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, जिला भाजपा सचिव सोलन राकेश गौतम, प्रेस सचिव अर्की मंडल पवन गौतम,महेश्वर शुक्ला मौजूद रहे।
