ठियोग के देहा में तीन मंजिला मकान में लगी आग
-एक बुजुर्ग व दो गऊओं की जलकर मौत
-सूचना मिलते ही प्रशासन भी मौके पर पहुंचा
ठियोग उपमंडल के देहा में अग्निकांड का मामला सामने आया है, जहां तीन मंजिला मकान में आग लगने से बुजुर्ग व दो गऊओं की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार देहा की ग्राम पंचायत घोरना के गांव अरशाला में बीती रात नरेंद्र सिंह के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग इतनी भड़क गई कि देखते ही देखते तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान जय राम पुत्र रत्ती राम के रूप में हुई है। आग की चपेट में आने से दो गऊओं की भी मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। आग लगने की घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है और राहत बचाव कार्य जारी है।
