आनी : फनौटी में 8 कमराें के मकान में लगी आग,लाखों का नुकसान
चमन शर्मा। आनी
आनी खंड की फनौटी पंचायत के फनौटी गांव में आज (शुक्रवार) दोपहर बाद 8 कमरों का दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। फनौटी पंचायत के प्रधान दौलत चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मकान उगम राम पुत्र नारायण सिंह, धर्मदास पुत्र परस राम और गोपी चंद पुत्र नेहर देव का लकड़ी का बना पुराना मकान था। जिसे गौशाला और अनाज, सब्जियों आदि रखने के गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। उन्होंने बताया कि मकान में आग दोपहर करीब 12 बजे लगी और मकान को अपनी चपेट में लेकर राख कर दिया। गनीमत रही कि पशुधन को बचा लिया गया। इसके अलावा मकान में रखा जौ, गेहूं, लहसुन आदि फसलें जलकर राख हो गई। इस आगजनी में लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। वहीं, तहसीलदार आनी दिलीप शर्मा ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर जाकर नुकसान का आकलन कर रही है और प्रभावित लोगों को जल्द राहत राशि भी प्रदान करेगी।