Ganesha Jayanti 2021: आज है श्री गणेश जयंती, जानें पूजा मुहूर्त, तिथि एवं महत्व
माघ माह में मनाए जाने वाली गणेश चतुर्थी को माघी गणेश चतुर्थी या माघी गणेश जयंती भी कहते है। इस साल माघी गणेश जयंती 15 फरवरी को मनाई जा रही है। माघ माह में पड़ने वाली गणेश जयंती का विशेष महत्व होता है। इस दिन भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि भगवान गणेश की पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं और संकटों से मुक्ति मिलती है।
गणेश जयंती को माघ शुक्ल चतुर्थी, तिलकुंड चतुर्थी और वरद चतुर्थी के नाम से भी जानते हैं। दक्षिण भारतीय मान्यताओं के अनुसार, आज के दिन ही भगवान गणेश का जन्म हुआ था। इसलिए गणेश जयंती पर श्रीगणेश की पूजा का विशेष महत्व माना गया है। अग्निपुराण में भी तिलकुंड चतुर्थी के व्रत से भाग्य और मोक्ष प्राप्ति का विधान बताया गया है। कहते हैं कि गणेश जयंती के दिन चंद्र दर्शन वर्जित होते हैं। कहते हैं कि ऐसा करने से मानसिक विकार उत्पन्न होते हैं।
गणेश जयंती पूजा शुभ मुहूर्त-
गणेश जयंती- 15, फरवरी 2021 (सोमवार)
चतुर्थी तिथि प्रारम्भ- 15, फरवरी 2021, देर रात 01:58 बजे से
चतुर्थी तिथि समाप्त- 16, फरवरी 2021, देर रात 03:36 बजे
वर्जित चन्द्रदर्शन का समय- सुबह 09:14 बजे से रात 09:32 बजे तक।
गणेश जयंती के दिन क्या करना चाहिए और क्या नहीं-
गणेश जयंती के दिन भगवान गणेश को तिल के लड्डू अर्पित करने चाहिए। तिल का प्रसाद भी बांटा जाता है। इसके अलावा पानी में तिल मिलाकर स्नान भी किया जाता है। गणेश जयंती के दिन चंद्र दर्शन नहीं करना चाहिए। वाद-विवाद से बचना चाहिए। व्रती को दिन में नहीं सोना चाहिए। कहते हैं कि ऐसा करने से व्रत का पुण्य नहीं मिलता है।
भगवान गणेश को जरूर चढ़ाएं दुर्वा
गणपति बप्पा को दूर्वा अति प्रिय है। गणेश जी की पूजा में उन्हें दूर्वा जरूर चढ़ानी चाहिए। ऐसा करने से गणेश भगवान का आशीर्वाद भक्तों को प्राप्त होता है।
गणेश जी को पसंद है मोदक
गणेश भगवान को मोदक का भोग जरूर लगाना चाहिए। मोदक गणेश भगवान को अति प्रिय है. ऐसे में गणेश जयंती पर गणपति बप्पा की पूजा में उन्हें मोदक जरूर चढ़ाना चाहिए।
बप्पा को लाल फूल चढ़ाएं
भगवान गणेश को लाल फूल चढ़ाने चाहिए। अगर लाल फूल चढ़ाना संभव नहीं है तो आप कोई और फूल भी चढ़ा सकते हैं। बस इस बात का ध्यान रखें भगवान गणेश की पूजा में तुलसी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।
गणेश जी को प्रिय है लाल सिंदूर
गणपति बप्पा को लाल सिंदूर बहुत पसंद होता है। भगवान गणेश को स्नान कराने के बाद उन्हें लाल सिंदूर लगाना चाहिए। उसके बाद अपने माथे में भी लाल सिंदूर का तिलक लगाएं। भगवान गणेश के आशीर्वाद से आपको हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी।