राज्य में 16 से की जाएगी ईवीएम और वीवी पैट की प्रथम स्तरीय जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मनीष गर्ग ने आज यहां ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया पर चर्चा के लिए राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने राजनीतिक दलों को अवगत करवाया कि राज्य के ज़िला मंडी व कुल्लू के अतिरिक्त सभी जिलों में ईवीएम और वीवी पैट की एफएलसी 16 सितंबर से तथा जिला मंडी व कुल्लू में यह कार्य 25 सितंबर से आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एफएलसी की शुरुआत से पहले सभी ज़िला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) द्वारा सभी राष्ट्रीय व राज्य मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के सभी जिला अध्यक्ष व सचिवों को नोटिस जारी किया जाएगा। राजनैतिक दलों को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा पहचान-पत्र जारी करने के लिए प्रतिनिधियों के पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की एक सूची प्रदान कर आवेदन करना होगा।
