शिमला : वन विभाग मुखिया अजय श्रीवास्तव ने किया कार्यालय व वन विभाग कालोनी का औचक निरीक्षण
वन विभाग मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शिमला के आग्रह पर वन विभाग मुखिया की सराहनीय पहल
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
हिमाचल प्रदेश मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन की राज्य इकाई के आग्रह पर विभाग के मुखिया अजय श्रीवास्तव ने कडा संज्ञान लिया है। अजय श्रीवास्तव ने गत दिवस वन विभाग मुख्यालय, मिस्ट चैंबर के कार्यालय सहित वन विभाग की मिस्ट चैम्बर कालोनी का औचक दौरा कर निरीक्षण किया। अजय श्रीवास्तव ने दौरे दे दौरान अनेक प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। अजय श्रीवास्तव ने मिस्ट चैंबर कालोनी में घर-घर जाकर सरकारी आवासों का निरीक्षण किया और कालोनी में रह रहे लोगों की समस्याएं जानी। अजय श्रीवास्तव ने बताया कि वन विभाग में शिमला स्थित चक्कर, मिस्ट चैंबर और खालीनी कालोनियों की मुरम्मत के लिए प्लान तैयार किया जाएगा और आने वाले समय में कालोनियों को कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा। अजय श्रीवास्तव ने अपने दौरे के दौरान यह भी आदेश दिए कि सबसे पहले टाईप-1 व छोटे कर्मचारियों के मकान सुधारे जाएं और अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ कर्मचारियों के मकानों पर बाद में काम किए जाएं।
अजय श्रीवास्तव ने मिस्ट चैंबर में एक पार्किंग बनाने के लिए प्लान बनाने के भी आदेश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि मिस्ट चैंबर में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक बहुमंजिला इमारत बनाने के लिए इस वर्ष प्लान तैयार कर इस पर कार्य किया जाएगा। इस इमारत में एक ऑडिटोरियम के साथ इनडोर टेनिस कोर्ट, जिम और क्लब जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। ऑडिटोरियम बनने से वन विभाग के बड़े-बड़े सम्मलेन के लिए उचित स्थान मिलेगा तथा शिमला के वन विभाग के कर्मचारियों को जिम, क्लब और इनडोर टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाएं भी मिल सकेगी। मिस्ट चैंबर में लम्बे अरसे से चल रही पानी की किल्लत का भी जल्द समाधान किया जाएगा। अजय ने बताया कि वन विभाग की मिस्ट चैंबर, खालीनी तथा चक्कर कालोनी में टाईप- 1 से लेकर टाईप-3 तक के मकानों मे कबर्ड लगाए जाएंगे और बाहर की दीवारों पर वाटर प्रूफिंग की जाएगी।
अजय श्रीवास्तव ने विभाग के शिमला स्थित कार्यालयों में आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए और मिस्ट चैंबर में एक 50 लोगों की क्षमता का एक कॉन्फ्रेंस हाल बनाने के निर्देश भी दिए, जिससे विभागीय मीटिंग लेने के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो सके। अजय श्रीवास्तव के साथ एपीसीसीएफआर के गुप्ता व हिमाचल प्रदेश मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश बादल भी मौजूद थे। अजय श्रीवास्तव वन विभाग मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन की मांग पर जल्द ही खालीनी और चक्कर कालोनी का दौरा भी करेंगे।
