बद्दी : राज्य प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय के चारों ओर बना झाड़ियों का जंगल
सांप बिच्छु के काटने का बना रहता है हर समय डर
फर्स्ट वर्डिक्ट। बद्दी
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड बद्दी कार्यालय आने वालों को आजकल रास्ता ढुंड कर कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है। आलम यह है कि हिमुडा कांपलेक्स बहुमंजिला भवन के चारों ओर उंची लंबी झाड़ियां उग आई हैं, जिसके कारण सरकारी काम करवाने आने वालों को झाड़ियों में से निकल कर ऊपरी मंजिल पर पहुंचना पड़ रहा है । गौरतलब है कि हिमुडा काम्पलैक्स फेस 1 में राज्य दवा नियंत्रण कार्यालय के साथ साथ सेंटर टेस्टिंग लैब कार्यालय भी मौजूद है, लेकिन इतने सरकारी कार्यालय होने के बावजूद काम्पलेक्स की पार्किंग तथा साथ लगती खाली जगह झाड़ियों के जंगल में तब्दील हो चुकी है। इसके अलावा पार्किंग में कोई भी स्ट्रीट लाईट की सुविधा नहीं है, जिसके कारण यहां आने वाले ग्राहकों एवं सरकारी कार्य करवाने आने वालों को अनेकों समस्याओं से जूझना पड़ता है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी जब किसी कंपनी में जांच पर जाते हैं, तो अनेक प्रकार के मानदंड लागू करने के लिए बाध्य करते हैं तथा भारी भरकम जुर्माना भी लगाते हैं।
दवा नियंत्रक कार्यालय में काम करवाने आए सुदेश यादव, विवेक कुमार, अरनाल्ड सुजिन व गंभीर गौतम ने बताया कि यहां सरकारी कार्य करवाने के लिए सैकड़ों लोग हर रोज आते हैं, लेकिन सरकार ने कार्यालय की बिल्डींग को जंगल से घेर कर रखा है। सरकार को चाहिए कि काम्पलेक्स के चारों ओर साफ-सुथरा रखे तथा पार्किंग में बिजली की सुविधा पूर्ण हो, लेकिन अफसोस कि कोई भी सरकारी बाबू का इस ओर ध्यान ही नहीं जाता। दरअसल यहां रखरखाव तथा साफ-सफाई का जिम्मा नगर परिषद का है, जबकि मेन्टीनेंस चार्ज हिमुडा चार्ज करता है, जिसके कारण दो विभागों के आपसी सामंजस्य न होने के कारण आम जनता को पेरशानी भुगतनी पड़ रही है। वहीं, काम्पलेक्स के निवासी हिमुडा की लचर प्रणाली से नाखुश हैं।
