कांगड़ा : दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण कथा का चतुर्थ दिन

प्रभु की लीलाएं अनन्त हैं वहीं माखन चोरी करने की लीला के पीछे आध्यात्मिक रहस्य छिपा हुआ
मनोज कुमार। कांगड़ा
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण कथा के चतुर्थ दिवस का शुभारम्भ अध्यक्ष ब्राह्मण कल्याण परिषद हिमाचल प्रदेश वेद प्रकाश शर्मा, नवनीत शर्मा, वीपी शर्मा, राज कुमार शर्मा, सुनील वर्मा व अश्वनी कुमार ने ज्योति जला कर के किया। आशुतोष महाराज जी की परम शिष्या साध्वी सुश्री सौम्या भारती ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को सुनाकर भक्तों को आनंद विभोर किया। साध्वी जी ने बताया कि प्रभु की लीलाओं को आप सामान्य खेल नहीं, बल्कि दिव्य खेल कह सकते हैं। प्रभु की लीलाएं अनन्त हैं जैसे कि माखन चोरी करने की लीला के पीछे आध्यात्मिक रहस्य छिपा हुआ है। अन्य साध्वी बहनो ने कृष्ण महिमा के साथ साथ देश भक्ति से ओतप्रोत ' मेरा रंग दे बासंती चोला' जैसे भजनों का गायन किया, जिस पर भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। कथा का समापन प्रभु की पावन पुनीत आरती से किया गया, जिसमें आए हुए सभी गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी संगत ने भोजन के रूप में प्रसाद को भी ग्रहण किया।