बिजली विभाग का सब डिविजनल कार्यालय शिफ्ट करने पर व्यापारियों में रोष
अर्की के पुराने बाजार स्थित रोजगार कार्यालय एवं विद्युत विभाग का सब डिविजनल कार्यालय नए बस अड्डे के समीप शिफ्ट करने को लेकर नगर के व्यापारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। पुराने बाजार के सभी कारोबारियों का कहना है कि पहले पुराने बाजार में अधिकतर सरकारी कार्यालय होते थे, जिससे सभी का कारोबार बहुत बढ़िया चल रहा था और बाजार में बहुत- चहल पहल रहती थी। धीरे - धीरे ये कार्यालय बाजार से बाहर शिफ्ट होते चले गए और पुराना बाजार बिल्कुल खाली - खाली होने लगा। अब इस बाजार में मात्र ये ही दो कार्यालय रह गए है जिनको कि उनके विभाग द्वारा शिफ्ट करने की योजना की सूचना से सभी नगरवासियों में भारी रोष पनप रहा है।इसी सिलसिले में अर्की विकास मंच का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम अर्की से मिला और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक ज्ञापन भेजा। समिति के महासचिव केके भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि वे सभी इस विषय को लेकर एसडीएम साहब से मिले और अपना पक्ष उनके समक्ष रखा। सभी ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इन दोनों कार्यालयों को यथावत ही रखा जाए। इन विभागों के रहते ही बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है। यदि ये कार्यालय यहां से शिफ्ट हो जाते है तो कारोबारी वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि जब तक इन विभागों का अपना भवन नही बन जाता तब तक इन कार्यालयों को यही रहने दिया जाए।
