सोलन : पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में मनाया गारबोलॉजी जागरूकता सप्ताह
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में गारबोलॉजी जागरूकता सप्ताह मनाया गया। जागरूकता सप्ताह के अतिरिक्त भी विद्यार्थियों को इको क्लब की ओर से समय-समय पर जागरूक किया जाता है। सभी प्रकार के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने के विषय में विद्यालय में रह रहे शिक्षक परिवारों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों एवं अन्य को जागरूक किया गया है। सभी आवासों को तीन अलग-अलग रंगों के कूड़ेदान उपलब्ध किए गए हैं। सभी को तीन अलग-अलग रंगों के लिफ़ाफ़े मासिक रूप से आवंटित किए जाते हैं, जिनमें वे कूड़े को संबंधित रंगीन लिफाफे में भरकर कूड़ेदान में ही डालते हैं।
गारबोलॉजी जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत बच्चों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण के रखरखाव के प्रति संवेदनशील बनाया गया। यह 'ज़ीरो वेस्ट'की दिशा में एक और प्रशंसनीय कदम है। पाइनग्रोव स्कूल पर्यावरण के अनुकूल क्रियाकलापों को बढ़ावा देने और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन में दृढ़ता से विश्वास करता है। प्रातः कालीन सभा में सभी नेंपर्यावरण रख-रखाव की शपथ ली। इसके पश्चात सप्ताह भर के लिए जागरूकता गतिविधियों की एक श्रृंखला तैयार की गई, जिसकी एक कड़ी में इको क्लब के बच्चों द्वारा संतरे के छिलकों का उपयोग करके जैव एंजाइम निर्माण गतिविधि, स्वच्छता अभियान और जल सदुपयोग सिखाने हेतु जल स्रोतों के पास उपस्थित स्वयंसेवकों के प्रदर्शन के साथ समुचित तरीके से हाथ धोने को बढ़ावा देना शामिल था। बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सुंदर और अर्थपूर्ण ग्रीटिंग कार्ड बनाए गए। पूरे सप्ताह के दौरान, बच्चों को पाइनग्रोव स्कूल में अपशिष्ट निपटान, उपयुक्त अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया।
