देहरा : गरली निवासी पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टीश संजय करोल बनेंगे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश
विनायक ठाकुर । जसवां परागपुर
धरोहर गांव गरली से ताल्लुक़ रखने वाले पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टीस संजय करोल अब सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनेंगे, जो कि देवभूमि हिमाचल के लिए बडे गर्व की बात है। वहीं, इस बात की सूचना मिलते ही धरोहर गांब गरली ब साथ लगने अन्य क्षेत्र में हर व्यक्ति संजय करोल को इतने बडे़ पद पर विराजमान होते देख गर्व महसूस कर रहा है। वहीं, इस मौके पर गांव रक्कड़ निवासी एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद शर्मा गांव गरली निबासी एवं हाईकोर्ट शिमला के अधिवक्ता अशोक ठाकुर गरली पंचायत प्रधान शशिलता प्रैस कल्ब अध्यक्ष जसवां-परागपुर रक्षपाल शर्मा आदि ने खुशी जाहिर करते हुए संजय करोल को बधाई दी है। बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की है।
13 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने केंद्र सरकार को अपनी सिफारिश भेजी थी। सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की थी। न्यायमूर्ति संजय करोल इन दिनों अभी पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं। न्यायमूर्ति करोल हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में गरली गांव, तहसील देहरा गोपीपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से कानून में डिग्री हासिल की थी। वर्ष 1986 में एक वकील के रूप में नामांकित हुए। सजंय करोल 1998 से 2003 तक हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता रहे।
उन्हें वर्ष 1999 में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया। इसके बाद 8 मार्च, 2007 को हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। उन्होंने 25 अप्रैल, 2017 को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण किया था। 5 अक्तूबर, 2018 तक इसी पद पर कार्य किया और उसके बाद 9 नवंबर, 2018 को त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। उसके बाद पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनका तबादला कर दिया गया।
