12 नवंबर को होगी नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ की गेट मीटिंग
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के जिला सोलन के प्रेस सचिव पवन ठाकुर ने कहा कि आगमी 12 नवंबर 2020 को नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के लगभग दो लाख कर्मचारी प्रदेश के लगभग बीस हजार से अधिक कार्यालय में गेट मीटिंग करेंगे। इस गेट मीटिंग में नई और पुरानी पेंशन में आने वाले सभी कर्मचारी, अधिकारी तथा अध्यापक वर्ग हिस्सा लेंगे। सोलन महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक ठाकुर, जिला महासचिव महेंद्र कुमार तथा राज्य संविधान पर्यवेक्षक श्यामलाल गौतम ने कहा कि नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ पुरानी पेंशन बहाली के लिए भविष्य में आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ द्वारा किया जा रहे संघर्ष को हर कर्मचारी को इस मुहिम में जोड़ना तथा सरकार को वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराना है कि प्रदेश कर्मचारियों में नई पेंशन के प्रति कितना रोष है।
सोलन जिला के सभी ब्लॉक इस दिन गेट मीटिंग करेंगे और 24 नवंबर 2020 के प्रस्तावित "राज्य पेन डाउन स्ट्राइक" करने बारे भी चर्चा करेंगे व अन्य कर्मचारियों को भी इस बारे अवगत करवाएंगे। जिला अध्यक्ष ने चेताया कि यदि सरकार फिर भी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ प्रदेश में आंदोलन को तेज करेगा।
