प्रदेश में प्राकृतिक खेती योजना के बजट की जांच करवाना सही फैसला : एनएसयूआई
( words)
-भाजपा सरकार के कार्यकाल में बजट का हुआ दुरुपयोग: छत्तर सिंह
एनएसयूआई की हिमाचल इकाई ने शुक्रवार को प्राकृतिक खेती योजना के तहत बजट के वितरण जांच के आदेश देने के लिए राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है, एनएसयूआई राज्य इकाई ने बताया कि सरकार को अंदेशा है कि भाजपा कार्यकाल में बजट का दुरुपयोग हुआ है, जिसके कारण राज्य सरकार ने प्रदेश में प्राकृतिक खेती योजना की जांच करवाने का फैसला लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक प्राकृतिक खेती के लिए कोई पैकेज ऑफ प्रैक्टिस जारी नहीं की गई है या अधूरे शोध से किसानों को गुमराह किया जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि किसानों के पास प्राकृतिक खेती के लिए जरूरी संसाधन ही नहीं है, जैसे कि जैविक खादें, पशुधन इत्यादि।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में योजना के तहत जारी किए गए बजट का दुरुपयोग हुआ है। छानबीन के बाद अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई राज्य सरकार को अमल में लानी चाहिए। जिस अनुपात में बजट खर्च किया गया है उस अनुपात में न तो उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और न ही किसानों को लाभ पहुंचा है। छत्तर सिंह ने कहा आंकड़ों में किसानों की संख्या ज्यादा दिखाई जा रही है, परंतु जमीनी हकीकत कुछ और है। भाजपा सरकार के वक्त प्राकृतिक खेती के नाम पर सम्मेलन, किसान मेलों पर जरूरत से ज्यादा बजट खर्च किया गया और फर्जी बिल बनाए गए।
